कोटरा/उरई (जालौन)। त्रिवेणी क्षेत्रीय बैंक के मैनेजर और कैशियर से बदमाशों ने बुधवार को बैंक जाते समय तमंचे के बल पर नगदी और मोबाइल लूट लिए। पीड़ितों ने थाने में लूट की तहरीर दी है। उधर, बैंक मैनेजर ने उच्च अधिकारियों को अपने साथ हुई घटना की सूचना दे दी है।
मुहल्ला उमरारखेड़ा निवासी यूपी ग्रामीण बैंक त्रिवेणी के कोटरा शाखा के प्रबंधक ललित बिहारी द्विवेदी बुधवार को कैशियर हरिशंकर गुप्ता के साथ बाइक से कोटरा स्थित बैंक जा रहे थे। सुबह तकरीबन 9.30 बजे कोटरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुरकुरु के पास बाइक से आए तीन सशस्त्र लुटेरों ने बाइक ओवरटेक कर बैंक मैनेजर पर तमंचा तान दिया। बाइक रुकते ही बदमाश दोनों पर टूट पडे़ और दो हजार रुपए नगद, दो मोबाइल, बैंक की तिजोरी की चॉबी और कागजात लूट ले गए। पीड़ित मैनेजर और कैशियर ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई।
थानाध्यक्ष शिवसागर दीक्षित नेे मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।