कोंच (जालौन)। शनिवार को ब्लॉक प्रमुख ऐंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक परिसर में संपन्न हुई। बैठक में तहसील स्तरीय अधिकारियों की गैरहाजिरी पर नाराजगी जताई गई। विधायक ने कान्हा गोशाला के लिए कोंच प्रशासन से जमीन उपलब्ध कराने को कहा।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह निरंजन ने क्षेत्र पंचायत की बैठक में तहसील स्तरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर अधिकारी अनुपस्थित हैं तो समस्याओं का निदान कैसे होगा। उन्होंने बीडीओ से कहा कि गांवों के तालाबों को भरवाने की जिम्मेदारी किसी सरकारी कर्मचारी पर ही डाली जाए ताकि वह समय रहते तालाबों को भरवा सके।
गांवों में पसरे अतिक्रमण को हटवाने को लेकर भी उन्होंने कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को दिलाने को कहा। उन्होंने कान्हा गौशाला के लिए प्रशासन से कोंच में जमीन उपलब्ध कराने के लिए कहा। अमीटा के प्रधान ने सरकारी नलकूप खराब होने की समस्या उठाई, विरगुवां बुजुर्ग के प्रधान ने बिजली की जर्जर लाइन को बदलवाने की शिकायत की। ग्राम कमतरी के कैलाश ने शौचालय नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर बीडीओ ने आवेदन करने के लिए कहा।
एसडीएम गुलाब सिंह ने ग्रामीण आजीविका मिशन और जैविक खेती को लेकर प्रधानों से कहा कि वे किसानों को जागरूक करें। ब्लॉक प्रमुख ऐंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारी खुले मन से काम करें जिससे जनता में विश्वास पैदा हो और विकास को गति मिल सके। इस दौरान बीडीओ सत्तीदीन वर्मा, एडीओ नरेश दुबे, खंड शिक्षा अधिकारी अजित कुमार, जेई जल संस्थान प्रशांत त्रिपाठी, ऋषभ सीरौठिया, रामजी खाबरी, हरदास महाते, दीनदयाल, कामता प्रसाद, संजीव आदि मौजूद रहे।