उरई। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में आयुष्मान भारत के नोडल अधिकारी डॉ सत्यप्रकाश की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जन अरोग्य योजना की समीक्षा बैठक हुई। एसीएमओ डॉ सत्यप्रकाश ने योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने एवं लाभार्थियों को पंजीकृत चिकित्सालयों में इलाज की सुविधा की समीक्षा की।
आयुष्मान भारत योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ आशीष कुमार झा ने योजना के क्रियान्वयन में आने वाली परेशानियों एवं उनके निराकरण की विस्तृत जानकारी दी। बताया की लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड पंजीकृत चिकित्सालयों में नि:शुल्क बनेगा लेकिन जन सुविधा केंद्रों पर इसे 30 रुपये देकर बनाया जा सकता है। परिवार में सम्मिलित प्रत्येक सदस्यों का अलग-अलग गोल्डन कार्ड बनेगा।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डा. संजीव गुप्ता ने लाभार्थियों के उपचार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। माधौगढ़ सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ विनोद राजपूत ने योजना के अंतर्गत पूर्णकालिक अरोग्य मित्र की नियुक्ति की मांग की। जिला चिकित्सालय के नोडल अधिकारी डॉ सुनील अग्रवाल ने योजना के प्रचार प्रसार पर जोर दिया। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद सिंह, आईटी मैनेजर देवेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।