कदौरा। सालों से जर्जर सड़क को लेकर परेशान भेड़ी खुर्द के ग्रामीणों ने लखनऊ से खदान पर आई टीम की जानकारी पाकर प्रदर्शन किया।
गांव स्थित बड़ी माता मंदिर के नजदीक गांव के 40-50 ग्रामीणों राजू, धीरू सिंह, सोनू सिंह, नारायण सिंह, राघवेंद्र सिंह, प्रशांत आदि ने खनन माफियाओं और खनिज अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि भेड़ी खदान से राजस्व तो सरकार ले रही है, लेकिन खदान से निकलने वाले ओवरलोड ट्रकों के कारण गांव की सड़कें जर्जर हो गईं हैं, इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
मौरंग के ट्रकों से निकलने वाले पानी से जर्जर सड़क पर हर वक्त कीचड़ रहता है। बच्चों को स्कूल और मरीजों को अस्पताल जाने में काफी दिक्कतें होती हैं। ग्रामीणों के प्रदर्शन से ट्रकों के लगे जाम की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान ग्रामीण और खदान कर्मियों में मामूली झड़प भी हुई।