उरई। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी अन्ना मवेशी सड़कों पर विचरण कर रहे हैं। इसको लेकर अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की तो खबर को संज्ञान में लेकर अधिकारियों ने कर्मचारियों को फटकार लगाई। नौ दिन में करीब 50 गोवंशों को पकड़कर गोशाला पहुंचाया गया।
शहर के अंदर अन्ना गोवंश सड़कों पर आतंक मचाए हैं। इन गोवंशों को पकड़ने के नाम पर लाखों रुपये नगर पालिका खर्च कर रही है। इसके बाद भी गोवंश कम नहीं हो रहे हैं। इसको लेकर अमर उजाला ने 17 फरवरी के अंक में खबर प्रकाशित की। खबर को डीएम ने संज्ञान लिया और नगर पालिका से जवाब मांगा। इसके बाद नगर पालिका के अधिकारियों में खलबली मची।
अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर गोवंशों को पकड़वाया और कर्मचारियों को फटकार लगाई। कहा कि औचक निरीक्षण किए जाएंगे। अगर कर्मचारी कहीं खड़े मिले तो कार्रवाई होगी। सफाई निरीक्षक ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि अभियान चलाकर गोवंश पकड़े जा रहे हैं, कभी कभी कर्मचारी लापरवाही कर देते हैं तो गोवंश सड़कों पर आ जाते हैं। अगर अब कर्मचारी लापरवाही करेंगे तो कार्रवाई होगी।