जालौन। कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में मात्र एक फरियादी ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। कालपी कोतवाली में दो शिकायतें आई। वहीं लोगों की मानें तो समाधान दिवस में शिकायतों का तत्काल निस्तारण न होने से मोहभंग होता जा रहा है।
कोतवाली में सीओ संजय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मात्र एक फरियादी ललंजू निवासी गोला करनपुरा ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उनके घर के सामने बने शौचालय के टैंक से गंदा पानी बाहर निकल रहा है। शिकायत को निस्तारण के लिए एसआई सफीक अहमद को सौंपा गया है। इस मौके पर कोतवाल देवेंद्र सिंह, अमर सिंह, नारायणदास राठौर, नाथूराम वर्मा, चन्द्रशेखर याज्ञिक आदि मौजूद रहे।
वहीं, आटा में समाधान दिवस में पहुंचे एडीएम प्रमिल कुमार सिंह व एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, सीओ सुबोध कुमार, थानाध्यक्ष रुद्रकुमार सिंह ने समस्याएं सुनीं। इसके बाद एडीएम ने क्षेत्र के प्रधानों के साथ बैठक कर अन्ना जानवरों की समस्या से निपटने के लिए प्रधानों व किसानों को एक साथ मिलकर काम करने को कहा। इसके लिए बड़े किसानों को पांच सौ रुपये और छोटे किसानों को 100 रुपये प्रति एकड़ की धनराशि देकर गोरक्षा के काम में योगदान करना चाहिए। इससे अन्ना जानवरों से छुटकारा मिलेगा और फसल भी सुरक्षित रहेगी। बैठक में प्रधान सत्य नारायण वर्मा, प्रतीक तिवारी , लक्षण सिंह, आशाराम पाल, कुलदीप तिवारी, पियूष पांडेय आदि मौजूद रहे।
उधर, कालपी कोतवाली में तहसीलदार सालिगराम की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें दो शिकायतें आई। इस पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। नगर के मोहल्ला अदलसराय में विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत स्कूल के संचालक सुभाष सैनी के द्वारा की गई। इसी प्रकार अख्तर खान निवासी मोहल्ला उदनपुर कालपी ने भूमि में अवैध कब्जे की शिकायत की।