कालपी। युवक के खाते से 40 हजार रुपये एटीएम के माध्यम से पार कर दिए गए। जब उसने कोतवाली पुलिस से शिकायत की तो मामला दिल्ली का बताकर टाल दिया। इस पर युवक ने मुख्यमंत्री की हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है।
नगर के रामगंज निवासी सलमान ने पुलिस को बताया कि उसके खाते से 40 हजार रुपये निकल गए। 17 सितंबर को यह रकम चार बार में एटीएम के माध्यम से निकाली गई। जबकि कार्ड उसी के पास था। मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का संदेश देख उसके फौरन ही बाकी रकम अपने दोस्त के खाते में ट्रांसफर कर दी।
अगले दिन बैंक जाकर मामला पता किया तो मालूम चला कि रुपये दिल्ली के सफदरगंज स्थित एक एटीएम से निकाले गए है। सलमान के मुताबिक फिलहाल पुलिस ने मामला दिल्ली का बताकर टरका दिया। इस पर पीड़ित में मुख्यमंत्री के हेल्पलाइन पर भी मामले की शिकायत की है। वहीं कोतवाल सुधाकर मिश्रा का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।