महेवा। चुर्खी थाने में महिला की मौत के मामले में मायकेवालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामला तो आत्महत्या का ही है, लिहाजा पिता की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। महिला का पति झींझक में ग्राम सचिव के पद पर कार्यरत है।
क्षेत्र के ग्राम मुसमरिया निवासी वंदना चौधरी पत्नी सुशील चौधरी (33) ने अज्ञात कारणों के चलते शुक्रवार की रात घर के अन्दर पंखे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पाकर पहुंचे मायकेवालों ने पुलिस को बताया कि वंदना की शादी 2007 में सुशील से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति व अन्य ससुराल वाले वंदना पर दहेज लाने के लिए दबाव बनाकर उसका उत्पीड़न करने लगे। एक बार पति-पत्नी के बीच मारपीट की रिपोर्ट थाने में भी दर्ज कराई गई थी। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। फिर भी नाते-रिश्तेदारों के समझाने-बुझाने के बाद वंदना को वापस ससुराल भेज दिया था। पिता शिवशंकर ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की देर शाम उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिली। चुर्खी इंस्पेक्टर मनोज मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवशंकर ने पति सुशील समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इंस्पेक्टर का कहना है कि फिलहाल चारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।