बिजालौन। कृष्ण वल्लभ श्रवण कुमार पीजी कॉलेज में संचालित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के निरीक्षण में एसडीएम को कई खामियां मिलीं। जिन्हें दुरुस्त कराए जाने के निर्देश एसडीएम ने प्राचार्य को दिए। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी को भेजी जा रही है।
उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह ने शनिवार को बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा संचालित परीक्षाओं की व्यवस्था परखने के लिए लहरउवा स्थित कृष्ण वल्लभ श्रवण कुमार पीजी कॉलेज पहुंचे। जहां बीएससी, बीए व बीकॉम की परीक्षाएं चल रही थीं। एसडीएम के निरीक्षण में एसडीएम को परीक्षाओं के संचालन में कई खामियां मिलीं। महाविद्यालय में क्लास रूम में स्पीकर नहीं लगे हैं। जिससे ऑडियो नहीं सुना जा पा रहा है।
जबकि परीक्षाओं के पूर्व स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सभी परीक्षा कक्षों में स्पीकर लगे होना चाहिए। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में क्षमता से अधिक परीक्षार्थी बैठे हुए मिले। जिस पर एसडीएम ने केंद्र प्रभारी से कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं दरुस्त किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्देशों के अनुसार ही परीक्षाएं संपन्न कराएं। बता दें, उक्त केंद्र पर अशर्फी लाल शुक्ला महाविद्यालय रामपुरा किरवाहा के 621 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।