उरई। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में हाईस्कूल की सामाजिक विषय की परीक्षा 65 केंद्रों पर हुई। इसमें पंजीकृत 25022 छात्र-छात्राओं में 2557 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सुबह की पाली में इंटरमीडिएट की वाणिज्य की परीक्षा में सभी 27 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। शाम की पाली में इंटर की 19 केंद्रों कृषि अभियंत्रण की परीक्षा में 373 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 11 अनुपस्थित रहे।
सुबह की पाली में डीआईओएस भगवत पटेल ने जनता इंटर कालेज का निरीक्षण किया। जहां कामता प्रसाद ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। पूछताछ में पता चला कि वह कालेज में रहकर भी परीक्षा ड्यूटी नहीं करते हैं। इस पर डीआईओएस ने उनका वेतन रोक दिया।
दीवान महाराज सिंह इंटर कालेज जखा में कार्यभार ग्रहण न करने पर प्राइमरी स्कूल छानी अहीर की शिक्षिका अनीता, मड़ोरा की शिक्षिका प्रियंका का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया। तकदीर सिंह इंटर कालेज न्यामतपुर में चार शिक्षिकों के परीक्षा ड्यूटी न करने पर उनके प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है, यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी। मदारीसिंह गुलजारी सिंह इंटर कालेज महेबा में एक परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया।
डकोर में पकड़ा गया मुन्नाभाई
मुहम्मदाबाद। राजकीय इंटर कालेज डकोर में अंबिका प्रसाद स्कूल ऐर के हाईस्कूल के संस्थागत छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई को पकड़ा गया। कक्ष निरीक्षक जब कक्षा में सत्यापन कर रहे थे, शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना केंद्र व्यवस्थापक व प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार त्रिपाठी कुमार को दी। मुन्ना भाई आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर अपनी फोटो लगाकर परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्था की सूचना पर डकोर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छात्र को गिरफ्तार कर लिया और पूरे मामले से डीआईओएस को अवगत कराया।