उरई। जेल रोड स्थित रामकुंड पार्क के सुंदरीकरण की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष व ईओ की अगुवाई में पालिका की टीम ने रामकुंड का निरीक्षण कर कार्यों की जायजा लिया। ईओ ने बताया कि करीब 50 लाख की लागत से पार्क का सुंदरीकरण होगा। इस पार्क को ऐसे विकसित किया जाएगा ताकि यहां आकर लोग अपने आप को प्रफुल्लित महसूस कर सकें।
नगर पालिकाध्यक्ष अनिल बहुगुणा, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार व जेई जगदीश प्रसाद ने सभासदों के साथ रामकुंड पार्क का निरीक्षण किया। ईओ ने बताया कि करीब पचास लाख की लागत से पार्क का सुंदरीकरण किया जाएगा। पार्क की चहारदीवारी भी दुरुस्त की जाएगी।
बच्चों के खेलने के लिए झूले व खेल के सामान, शुद्ध पेयजल के लिए आर ओ प्लांट, पार्क में रोशनी के लिए छह पोलों पर 36 हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएगी, ताकि पूरा पार्क जगमग हो सके। कुंड में एक फौव्वारा भी लगाया जाएगा। पार्क में गंदगी न फैले, इसके लिए जगह जगह बीस डस्टबिन भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा बैठने के लिए बीस बेंच भी बनाई जाएंगी।
रामकुंड की टूटी रेलिंग दुरुस्त कर कुंड की साफ सफाई व घाटों की मरम्मत की जाएगी। अगस्त महीने में लगाए गए पौधों को संरक्षण का काम किया जाए, ताकि पौधे पेड़ बनकर पार्क को हरियाली देने का काम करें। रामकुंड में आने वाले अराजकतत्वों की आवाजाही रोकने के लिए दो वर्दीधारी स्टाफ की तैनाती की जाएगी, जो बिना अनुमति के पार्क में आने वाले व बेवजह बैठने वालों पर निगाह रखेंगे।
इसके लिए जल्द ही दो स्टाफ तैनात किए जाएंगे। कई जगह बेतरतीब तरीके से लगाई गई लाइटों व रेलिंग को लेकर भी ईओ ने सवाल खड़े किए। कहा कि पहले जो काम हुआ है, वह मानक के अनुसार नहीं हुआ है। उन्होंने जेई को हिदायत दी कि काम मानक के अनुसार होना चाहिए। गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।इस दौरान सभासद विपिन सेठ, हासिम अली, लालू गुप्ता भी मौजूद रहे।