उरई। अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें एडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों को जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं उसमें कोई लापरवाही न बरतें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहे।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर सुबह सात बजे से माहिल तालाब स्थित गांधी पार्क से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद शहर में स्थिति सभी महापुरूषों के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। साढ़े आठ बजे सभी सरकारी व गैरसरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण होगा। 9.30 बजे पुलिस लाइन में परेड होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परेड की तैयारी अभी से पूर्ण कर लें।
10 बजे सभी समस्त शिक्षण संस्थाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ जेल में फल वितरण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर में इंदिरा स्टेडियम से लेकर गोविंदम होटल तक महिला पुरुष साइकिल दौड़ प्रतियोगिता होगी। इसके लिए उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के दौरान एंबुलेंस व डाक्टरों की व्यवस्था दुरुस्त रखें। वहीं जल संस्थान को पानी के टैंकर की व्यवस्था करने को कहा।
इसके साथ ही शाम को टाउन हाल मैदान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। उन्होंने पालिका ईओ को निर्देश दिए कि कवि सम्मेलन के लिए मैदान में साफ सफाई के साथ अन्न व्यवस्थाओं को दुरुस्त करे। उन्होंने मनोरंजन कर अधिकारी को निर्देश दिए कि 26 जनवरी के मौके पर शहर में दिन भर देशभक्ति के गीत बजाए जाए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी अल्पना बरतारिया, नगर मजिस्ट्रेट जेपी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अनिल बहुुगुणा आदि मौजूद रहे।