उरई। चुनाव आते ही छोटे दल अपने को जिंदा रखने के लिए गठबंधन व सरकार में रहकर भी सरकार की आलोचना शुरू कर देते है, जिससे कि वह अस्तित्व में बने रहें। उनकी मंशा न तो जनता के हित में होती है और न ही उनके मुद्दे जन समस्या से जुडे़ होते है। यह बात घनाराम हरीराम महाविद्यालय मिनौरा में प्रेसवार्ता के दौरान सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कही।
उन्होंने कहा कि अपना दल व अन्य से फिलहाल भाजपा की तरफ से कोई मतभेद नहीं है और न ही इन दलों के ताल ठोंकने से भाजपा को कोई फर्क पड़ता है। उन्होंने अन्ना समस्या को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि अन्ना समस्या कोई अभी हाल के दिनों की समस्या नहीं है, इसके लिए हर एक पशुपालक जिम्मेदार है जो अपने जानवरों को अन्ना के लिए छोड़ देता है। इस समस्या के लिए सभी के सहयोग की जरूरत है।
फिलहाल सरकार ने भी इस समस्या के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। इसमें प्रत्येक ब्लाक स्तर पर गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने योगी व मोदी सरकारों की तारीफ कर कहा कि दोनों ही सरकारों ने समाज के हर वर्ग को कुछ न कुछ दिया है। भाजपा की नीतियों से हर वर्ग संतुष्ट है। यही वजह है कि 2019 के लोकसभा भाजपा की जीत सुनिश्चित है। निषाद समाज के आरक्षण की मांग को लेकर मंत्री ने कहा कि हर समाज सरकार से कुछ न कुछ चाहता है। सभी को संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।