जालौन। नगर में सोमवार को रैपिड जांच में एक साथ 8 कोरोना संक्रमित मिले हैं।। नगर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है।
सीएचसी में सोमवार को कोरोना की जांच में 138 व्यक्तियों के नमूने लिए गए थे। रैपिड जांच के उपरांत उक्त 138 व्यक्तियों में 130 की रिपोर्ट निगेटिव रही। जबकि आठ पॉजिटिव रहे। जिनमें 5 महिलाएं व 3 पुरुष हैं। जिनमें मोहल्ला गणेशजी में 4, मोहल्ला मुराली मनोहर में 3 व मोहल्ला ओझा में एक व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव मिला है। मोहल्ला गणेश में घड़ी विक्रेता के परिवार के मां, बेटे व एक महिला समेत 3 लोग एवं गणेशजी मोहल्ले की ही एक अन्य महिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई। मोहल्ला ओझा में एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई। इसके अलावा मोहल्ला मुरली मनोहर में रविवार को संक्रमित मिले व्यक्ति के परिवार के व्यक्ति के साथ उनका बेटा व बेटी भी कोरोना संक्रमित मिले। सूचना मिलते ही एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, तहसीलदार बलराम गुप्ता, सीओ सुबोध गौतम ने मोहल्ले को सैनिटाइज कराकर गलियों को सील कराया।
माधौगढ़ में मां-बेटी समेत तीन पाजिटिव
माधौगढ़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पटेलनगर में शनिवार देर शाम कोविड रिपोर्ट में चार लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। किराएदार मां बेटे के पाजिटिव निकलने पर उनके पैतृक गांव बिजदुआं के आधा सैकड़ा लोगों की सीएचसी में जांच कराई गई, जिसमें एक जांच कोरोना पाजिटिव आई है।
सोमवार को पटेलनगर के 61 लोगों की एंटीजेन जांच कराई गई। जिसमें पटेलनगर निवासी मां बेटी कोरोना पाजिटिव पाई गई। वही एक सप्ताह पूर्व आरटीपीसीआर के तहत कराई गई जांच में पटेलनगर निवासी एक अधेड़ की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव पाए गए। पटेलनगर में सात बिजदुआं में एक मिलाकर आठ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव निकलने से कस्बा में हड़कंप मचा रहा। दुकानदारों ने घर के पड़ोस के दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद रखने की बात कही। प्रशासन ने पटेलनगर में बैरीकेडिंग कराकर आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में बनाया अस्थायी कोविड अस्पताल
55 संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लिया फैसला
उरई। मंगरौल स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में 55 कोरोना पाजिटिव केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मंगरौल पीटीएस में ही अस्थाई कोविड अस्पताल बना दिया गया। सीएमओ डा. अल्पना बरतारिया ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. विवेक तिवारी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय टीम की तैनाती कर दी है।
कोरोना मरीजों के साथ मनाया रक्षाबंधन का त्योहार
उरई। रक्षाबंधन का पर्व कोविड हास्पिटल में भी मनाया गया। जमुना पैलेस स्थित कोविड हास्पिटल में प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. आरके गौर एवं जिला कुष्ठ परामर्शदाता डा. मदनमोहन ने स्टाफ से राखी बंधवाई। कोरोना का उपचार करा रहीं बहनों से भी राखी बंधवाई है और मिठाई दी। डा. मदनमोहन ने बताया कि उन्होंने और स्टाफ ने साथ में काम करने वाली बहनों से किट पहनकर राखी बंधवाई। बताया कि इस बार मरीजों के साथ ही त्योहार मना लिया।