जालौन। चोरी करने के मामले में 14 साल से फरार 25 हजार के इनामी को पुलिस ने बुधवार रात गिरफ्तार कर किया। वह चोरी का सामान बेचने जा रहा था। उसके पास से पुलिस ने सोने, चांदी के आभूषण व तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह व चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ बुधवार की रात नगर में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब सवा 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी का माल बेचने के लिए जा रहा है। इस पर पुलिस सारंगपुर मार्ग पर स्थित काली माता मंदिर के पास पहुंच गई। सारंगपुर की ओर से आ रहे रापटगंज निवासी युवक समीम को पुलिस ने रोका तो वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को युवक के पास से चोरी की गई चार तोड़ियां, चार अंगूठी व एक चांदी का ब्रासलेट के साथ तमंचा व कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ ने आरोपी ने बताया कि उनके पास से मिला सामान उसने 28 मई को रात में तोपखाना निवासी असलम के मकान से चुराया था। इसे वह बेचने के लिए जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जालौन कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट सहित 13 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2009-2011 में दर्ज हुए मामलों के बाद से आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।