उरई। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में शनिवार को 64 केंद्रों पर 2330 लोगों का टीकाकरण किया गया। वैक्सीन लगवाने के बाद किसी में भी कोई प्रतिकूल लक्षण नहीं दिखाई दिए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सत्यप्रकाश ने बताया कि टीकाकरण के लिए मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल समेत 64 केंद्र बनाए गए थे। जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आने वालों लोगों को वैक्सीन लगवाई। उन्होंने बताया कि फिलहाल 45 साल से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। लोग अपने नजदीकी बूथ पर जाकर टीकाकरण करा सकते हैं। इसके लिए आधारकार्ड या पहचानपत्र लेकर जाना होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को जनता कर्फ्यू के बावजूद सैंपलिंग का काम जारी रहेगा। जो लोग बाहर से लौटे हों या फिर उनमें किसी तरह के लक्षण हो, वे जांच करा सकते हैं।
रामपुरा संवाद के अनुसार, विकास खंड रामपुरा में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के नामाकंन के लिए एआरओ बनकर आए नलकूप विभाग के अधिकारी कोरोना पॉजिटिव निकल आए हैं। इससे हड़कंप मच गया है। एआरओ के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद सभी कर्मचारियों की कोरोना की जांच की गई।