उरई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कहा कि पूर्व की प्रदेश सरकारों ने बुंदेलखंड, पूर्वांचल व सूबे के अन्य क्षेत्रों की उपेक्षा की। जबकि भाजपा ने पूरे प्रदेश के विकास के लिए काम शुरू कर दिया है। बुंदेलखंड विकास बोर्ड बनाने से यहां तेजी से विकास होगा। कहा कि राहुल गांधी की न्याय योजना (न्यूनतम आय योजना) उसी तरह झूठी साबित होगी, जिस तरह उनकी दादी इंदिरा गांधी ने गरीबी हटाने की बात कही थी।
कैबिनेट मंत्री मंगलवार को टाउनहाल के मैदान में भाजपा की विजय संकल्प रैली में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा मेरठ से प्रयागराज तक एक्सप्रेस बनाने का काम शुरू कर दिया है। विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि गठबंधन में शामिल दल एयर स्ट्राइक का सबूत मांगकर पाकिस्तानी भाषा बोल रहे है। आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख तक का इलाज कराया जा सकता है।
बुंदेलखंड विकास बोर्ड के अध्यक्ष कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड बोर्ड के माध्यम से विकास कराया जाएगा। इस दौरान एक पार्टी कार्यकर्ता ने मंच पर पहुंचकर विकास कार्यों की कमी का भी रोना रोया। इस दौरान सांसद भानुप्रताप, विधायक नरेंद्र सिंह, मूलचंद्र निरंजन, गौरीशंकर वर्मा, जिलाध्यक्ष नागेंद्र गुप्ता, सुधीर सिंह, रमाकांत त्रिपाठी, पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, केशव सिंह सेंगर, संतराम सेंगर, सुदामा दीक्षित, जगदीश तिवारी, ब्रजभूषण सिंह, उदयन पालीवाल, शंभूदयाल, दिलीप सेठ, अवध शर्मा आदि मौजूद रहे।