उरई। हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल सैय्यद गैबू शाह बाबा के 25वें दो दिवसीय उर्स की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार से उर्स शुरू होगा। इसमें हजारों की संख्या में अकीदतमंद अपने जीवन की खुशहाली की दुआ मांगेंगे।
उर्स कमेटी के अध्यक्ष इरशाद शाह ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गैबू शाह बाबा का उर्स धूमधाम से मनाया जाएगा। इसमें मंगलवार को दोपहर दो बजे जामा मस्जिद के सामने वाली गली स्थित निजाम के आवास से बाबा की चादर व गागर को उठाया जाएगा। जो नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई सरकार गैबू शाह बाबा के अस्ताने पर चढ़ाई जाएगी।
वहीं देर रात मशहूर शायर जफर आतिश उदयपुर, फनकारा नसीम रुही गया (बिहार) के बीच कव्वाल मुकाबले का आगाज होगा। जबकि 27 मार्च बुधवार को शाहिद साबरी कोटा (राजस्थान) व अमन अफजाल दिल्ली अपने फन का जादू बिखेरेंगे। कोषाध्यक्ष जब्बार अंसारी व नौशे खां ने बताया कि उर्स की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उर्स पर बाबा के अस्ताने पर अद्भुत रंगबिरंगी लाइटिंग से सजाया गया है। इस दौरान अनवार, शरीफ, सोएब, मुन्ना, इबादत अली, शाबू अंसारी, पप्पू, नौशाद, अनीस, काजिम आदि को जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं।