उरई। गेहूं खरीद की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें विपणन अधिकारियों ने बताया कि इस साल खरीद के लिए फिलहाल पांचों तहसीलों में 57 गेहूं क्रय केंद्र खोले गए है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि शासन से तय समर्थन मूल्य पर ही खरीद हो, शिकायत मिलने पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश है कि एक अप्रैल से सभी गेहूं क्रय केंद्रों में खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही निर्देश दिए कि सभी खरीद केंद्र सुबह 9 बजे से शाम छह बजे तक खुले रहेंगे। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 1840 रुपये रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद के दौरान वह लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहें, जिससे केंद्रों में सुविधाओं के साथ-साथ नियमानुसार खरीद हो।
किसी भी भ्रष्टाचार की शिकायत पर जांच कर केंद्र प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि केंद्रों में किसानों को खरीद के लिए परेशान होने की शिकायत पर केंद्र संचालक से साथ जिम्मेदार अफसर के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह अभी से केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा लें।
बैठक में विपणन अधिकारी वीके तिवारी ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2019-20 के किसानों से सीधे गेहूं खरीदने के लिए जिले में कुल 57 केंद्र खोले गए हैं। किसानों को भुगतान के लिए परेशान न होना पड़े इसके खरीद के 72 घंटे बाद आरटीजीएस के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। खरीद के लिए किसानों को पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। 57 केंद्रों में उरई तहसील में 21 केंद्र, कोंच में 10 केंद्र, जालौन में 11 केंद्र, कालपी में 09 केंद्र व माधौगढ़ में 06 केंद्र खोले गए है। खरीद के लिए किसानों को पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी मिथलेश सचान आदि अधिकारी उपस्थित रहे।