उरई। सत्रहवें लोकसभा चुनाव में जिले के लगभग 12 लाख मतदाता क्षेत्र का सांसद चुनेंगे। इनमें करीब 6,77,300 पुरुष व 5,63,842 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए जिले में 1030 मतदान केंद्र व 1509 बूथ बनाए गए हैं। जिनमें मतदाताओं की सुविधा के साथ-साथ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सड़क से लेकर जनपद की सीमाओं के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की निगरानी में मतदान कराया जाएगा।
बता दें कि चुनाव आयोग ने रविवार देर शाम लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा दिया है। बिगुल बजते ही जिला प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जहां रविवार देर शाम प्रशासन ने सख्ती के साथ शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में लगी प्रचार सामग्रियों को हटवाया वहीं सोमवार को जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने प्रेस वार्ता कर बताया कि जिले में इस बार 12,41,194 मतदाता जिले में मतदान करेंगे। जिले में 1938 कुल सर्विस वोटर है। जेंडर रेसियों के विषय में बताया हुए कहा कि इस मतदान में 1000 पुरुष मतदाताओं से सापेक्ष 832 महिला वोटर है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की सुविधा के साथ साथ सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए है।
उन्होंने मतदाताओं से चुनाव में बढ़ चढ़ कर भागेदारी करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आदर्श अचार संहिता लागू हो गई है सभी उसका पालन करें। इस दौरान कोई भी प्रत्याशी बिना परमीशन के सभा व चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जो युवा मतदाता बनने से छूट गए है वो तहसील व नजदीकी बूथों पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके साथ ही मतदाता बनने के लिए ऑन लाइन भी आवेदन किया जा सकता है।
2 को कलक्ट्रेट में नामांकन, 23 मई को मंडी में होगी मतगणना
उरई। लोकसभा निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम को सार्वजनिक करते हुए नामांकन से लेकर मतदान व मतगणना तक के कार्यक्रमों की घोषणा की है। इसमें जहां नामांकन कलक्ट्रेट में किया जाएगा वहीं मतगणना के लिए पुरानी गल्ला मंडी का स्थल तय किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू कर दी जाएगी।
अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने बताया कि लोकसभा 2019 के चुनाव के लिए जिले में 2 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 9 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि घोषित की गई है। इसके साथ 10 अप्रैल को कागजों की जांच, 12 अप्रैल को वापसी की तिथि निर्धारित की गई है। 29 अप्रैल को मतदान के बाद 23 मई को मतों की गिनती गल्ला मंडी परिसर में होगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान किसी मतदाता की समस्या व सुझाव के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए है। जिनमें शिकायत कर मतदाता समस्या का निस्तारण करा सकता है। मतगणना की जानकारी के लिए पंडाल में ही मीडिया सेंटर बनाया जाएगा, जिससे चुनाव अपडेट मिल सके।