उरई (जालौन)। माधौगढ़ के विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कोंच, नदीगांव, रामपुरा व माधौगढ़ ब्लाक की 53 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि इसमें पांच करोड़ की सड़कें मुख्यमंत्री के विशेष कोष से बनाई जा रही हैं, जिसका जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण गृह में मुख्यमंत्री के विशेष कोष से बनाई जा रही भाऊपुरा से रसूलपुर, कैलिया से भदारी, रजपुरा से गोरा भूपका व कंझारी से ज्वाला देवी तक पांच करोड़ की लागत से सड़कें बनाई जा रही हैं। इसके अलावा बुंदेलखंड विकास निधि व जिलांश की ओर से 49 अन्य कार्य किए जा रहे हैं। इसकी कार्यदाई संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग है।
उन्होंने बताया कि रुरा से बंगरा तक की दो लेन सड़क बन चुकी हैं। पहुज नदी पर मऊ महौनी के पास 19 करोड़ की लागत से पुल बनाया जा रहा है। बिलौड के पास पीपों के पुल का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। सरकार ने पचनद को पर्यटन स्थल घोषित कर दिया है। इसके लिए टोकन मनी के तौर पर 58 लाख दिए हैं, इससे सुंदरीकरण के काम होंगे। इसके साथ ही रामपुरा, कंझारी, रुपपुरा व ऊमरी में कान्हा गोशाला बनाई जा रही है। इस दौरान आरईडी के अधिशासी अभियंता वहाजुद्दीन, भाजपा नेता दिवाकर शास्त्री, सुबोध शुक्ला आदि मौजूद रहे।