कालपी। अधूरे हाईवे पर कार्य के दौरान पाइप लाइनों के बदले जाने के चलते आसपास के मोहल्लों में पेयजल का संकट पैदा हो गया है। इलाकाई लोगों ने जल संस्थान के अफसरों से कार्य के दौरान पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। उधर इलाकाई लोगों ने मानक के अनुरूप कार्य न होने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। बाशिंदों का कहना है कि अगर जल्द ही सुधार न किया गया तो मामले की शिकायत एसडीएम से की जाएगी।
बता दें कि पिछले तीन दिन से हाईवे में सर्विस रोड निर्माण के दौरान जल संस्थान द्वारा पाइप लाइन बदले जाने का कार्य चल रहा है। इसके चलते हाईवे के आसपास के मोहल्ले दमदमा, हरीगंज, मिर्जामंडी, जुलैटी आदि मोहल्लों में पेयजल संकट पैदा हो गया है।
इन मोहल्लों में रविवार से जलापूर्ति प्रभावित है। लोग पेयजल के लिए बुरी तरह परेशान हैं। लोगों ने अफसरों से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था करने की मांग की है। उधर जल संस्थान के अवर अभियंता सभापति यादव का कहना है आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है जल्द ही स्थायी पेयजल व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।
वहीं निर्माण कार्य के दूसरे दिन घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए कुछ बाशिंदे निर्माण स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की, कि ठेकेदार छह इंच गहराई करने की जगह सिर्फ दो इंच गहराई पर लाइन बिछा रहा है। अगर कार्रवाई न की गई तो जल्द ही मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी से की जाएगी।