कुठौंद (जालौन)। चुनाव पाठशाला एवं मतदाता जागरुकता मेला गुरुवार को जनता सनातन धर्म इंटर कालेज कुठौंद में लगा। जिसमें मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक भागवत पटेल ने सभी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। बताया कि अधिक मतदान करने वाली ग्राम पंचायत का सम्मान भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हम सभी को आने वाले लोकसभा चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। कहा कि ग्राम के प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षक व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के कितने वोटर बाहर रह रहे हैं उनकी सूची बनानी होगी और उन लोगों को दूरभाष के माध्यम से उनको प्रेरित करना होगा कि वो लोग भी मतदान में भाग लें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1951 में हुए चुनाव में 61 प्रतिशत मतदान हुआ था और अब देश में साक्षरता भी बढ़ी है, लेकिन मतदान प्रतिशत उस हिसाब से नहीं बढ़ा जो बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो ग्राम पंचायत अधिक से अधिक मतदान करेगी उसे सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
उस गांव में कम से कम 85 प्रतिशत तक मतदान होना चाहिए। कार्यक्रम में जगदीश शुक्ला प्रधानाचार्य जनता सनातन धर्म इंटर कालेज कुठौद ने भी लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक गौतम त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर रामराज यादव मुख्य अगिनशमन अधिकारी, आनंद भूषण खंड शिक्षा अधिकारी, डॉ गिरीश श्रीवास्तव स्वीप नोडल अधिकारी, राघवेंद्र सिंह मुख्य निर्वाचन प्रशिक्षक आदि उपस्थित रहे।