उरई। शुक्रवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में हुई पिता पुत्र की मौत से परिजनों, रिश्तेदारों व परिचितों का रो रोकर बुरा हाल है। पत्नी का तो आलम यह है कि वह पति और पुत्र की याद कर बार बार बेहोश हो जाती है। हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को पिता-पुत्र के अंतिम संस्कार में शामिल सभी की आंखों से आंसू बह रहे थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के उरई कोंच रोड स्थित मड़ोरा के पास शुक्रवार शाम 7 बजे बाइक से जा रहे शहर मोहल्ला उमरार खेरा निवासी नीरज पुत्र गंगाराम अहिरवार व उसके 6 वर्षीय पुत्र आर्यन को स्कार्पियो ने टक्कर मार दी थी। जिससे पिता पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई थी।
नीरज अपनी पत्नी अभिलाषा को लेने उसके मायके बिनौरा जा रहा था। परिजनों ने बताया कि नीरज कुठौंद ब्लाक में संविदा पर कंप्यूटर आपरेटर था और माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसका पुत्र आर्यन भी घर में इकलौता था। दोनों की मौत परिजनों, रिश्तेदारों व परिचितों का रो रोकर बुरा हाल है। अभिलाषा का सुहाग तो उजड़ ही गया वहीं उसकी गोद भी सूनी हो गई। पति और पुत्र की मौत पर वह बार बार बेसुध हो रही है।