बेतवा नदी स्थित सलाघाट पर नहाने गए तीन युवकों में से एक युवक नहाते समय डूब गया। जबकि साथ गए दो युवक बच गए। शोरगुल सुन नदी के पास लोग व चरवाहे पहुंच गए और इसकी सूचना थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से डूबे युवक की खोज कराई। देर शाम तक डूबे युवक का पता नहीं चल सका। मौके पर परिजन भी पहुंच गए।
कोटरा थाना क्षेत्र में बेतवा नदी स्थित सलाघाट पर बुधवार की दोपहर 12 बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी लक्ष्मीनारायण का 23 वर्षीय पुत्र मानवेंद्र अपने चाचा के लड़के मुकुल वर्मा (26) पुत्र कमलेश वर्मा निवासी गांधी नगर व मामा के लड़के राहुल वर्मा (24) पुत्र बृजकिशोर निवासी ऐंधा थाना कोटरा के साथ बाइक से नहाने गए थे।
नहाते समय मानवेंद्र गहरे पानी में जाकर डूब गया। युवकों ने उसको डूबते देख शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष विनय कुमार दिवाकर को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन कराई।
कई घंटे की मशक्कत के बाद भी डूबे युवक का अभी पता नहीं चला। पुलिस डिकोली से गोताखोर बुलाकर डूबे युवक का पता लगा रही है। वहीं सूचना पाकर डूबे युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि युवक बीटीसी का छात्र था।
वह तीन भाई थे, जिसमें एक की दो वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिजनों का कहना है कि युवक मामा के ऐंधा में हो रही अखंड रामायण पाठ के लिए सामान की खरीददारी करने मामा व चाचा के लड़के के साथ एट आया था। सामान खरीदकर तीनों लोग नदी पर नहाने के लिए चले गए।
सलाघाट पर नहाने गया युवक डूबा
गोताखोरों की मदद से पुलिस कर रही तलाश