माधौगढ़ (जालौन)। परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं संचालित की जा रही है। विद्यालयों में तैनात अध्यापक कब आएं, कब चले जाएं पता नहीं। ऐसा ही मामला प्राथमिक विद्यालय तौर का है। स्कूल में ताला लगा है। अध्यापक गायब है। पंजीकृत छात्र विद्यालय परिसर में पेपर देने के बजाय खेलते नजर आए।
प्राथमिक विद्यालय तौर में अध्यापक विनोद निरंजन तथा शिक्षामित्र रीना तोमर की तैनाती है। सोमवार को प्रथम पाली में अंग्रेजी एवं दूसरी पाली में हमारा परिवेश की परीक्षा थी। सुबह साढ़े दस बजे तक स्कूल में ताला लटक रहा था। कक्षा 4 के छात्र अनामिका, मोहित, दिव्या, अंकुश, तथा कक्षा 2 के छात्र अनमोल का कहना है कि मास्टरजी आए नहीं है। कब आ जाएं पता नहीं। छात्रों के अभिभावक सतेंद्र कुमार, जितेंद्र का कहना है कि परीक्षा के समय पर भी अध्यापक के न आने से परीक्षा कैसे व कब होगी बताने वाला भी कोई नहीं है। खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश गुप्ता का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।