खाद्य विभाग की टीम दूध नष्ट कराती
- फोटो : ORAI
उरई। दीपावली के पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य विभाग की अभिहित अधिकारी डा. प्रियंका सिंह भदौरिया के नेतृत्व में शहर में संचालित खोया भट्टियों, नमकीन फैक्ट्री व किराना बाजार में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने करीब नमकीन फैक्ट्री से 105 किलो नमकीन को सीज किया, तो वही खोया फट्टी से 100 लीटर दूध को नष्ट कराया। वहीं खोया, दूध, घी नमकीन के नमूने भरे।
जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर के निर्देश पर मिलावटखोरों के खिलाफ चले अभियान के क्रम में खाद्य विभाग की टीम ने सबसे पहले टीम ने बम्बी रोड स्थित कृष्ण कुमार की डेयरी से घी का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने राम नगर में संचालित श्री भोग ब्रांड की नमकीन फैक्ट्री में छापेमारी की, टीम ने यहां से 105 किलोग्राम नमकीन को सीज किया साथ ही मिलावट के संदेह पर नमकीन का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने राजेन्द्र नगर स्थित सुमित यादव की खोया भट्टी पर छापेमारी की।
टीम ने यहां से 100 मीटर मिलावटी दूध को मौके पर नष्ट कराया। वहीं टीम ने चंद्र नगर स्थित राकेश गुप्ता की नमकीन एजेंसी में छापेमारी की, टीम ने यहां से करीब 46 किलो नमकीन सीज किया, जिसका मूल्य 7600 रुपये था। इसके बाद टीम ने राजेंद्र नगर स्थित पवन यादव की खोया भट्ठी पर खोया व दूध का नमूना लिया। वहीं अंबेडकर चौराहे पर स्थित किराने की दुकान से हर्ष ब्रांड की नमकीन का नमूना लिया। इस दौरान टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र, आलोक वर्मा, अनिल प्रताप, राहुल शर्मा एवं राजेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।