जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में मंगलवार को रक्तदाता दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन और सहयोगी संस्थाओं की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सुबह नौ बजे से ही रक्तदाता जिला अस्पताल पहुंचने लगे। 11 बजे जिलाधिकारी संदीप कौर ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इसके बाद रक्तदान के लिए 70 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया जबकि
तीन बजे तक 15 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। अमर उजाला फाउंडेशन और सहयोगी संस्थाओं भारत विकास परिषद, पंतजलि योग समिति, प्राथमिक शिक्षक संघ, परमार्थ संस्था की ओर से आयोजित शिविर अनिल राज सिंह ने पहली बार और सबसे पहले रक्तदान किया। इसके बाद बजेंद्र राजपूत, आकाश गहोई, विनय कुमार, डा.ममता स्वर्णकार, संजय अग्रवाल,
संप्रीत सिंह, डा. स्वयं प्रभा दुवे, प्रियंका गुप्ता, महेंद्र पाल सिंह, तथागत घोष, अरुण कुमार, लक्ष्मीकांत, अमित समाधिया और रामबरन सिंह ने रक्तदान किया। उद्घाटन करने पहुंची जिलाधिकारी संदीप कौर ने रक्तदाताओं की हौसलाफजाई की। कहा कि अमर उजाला और सहयोगी संस्थाओं ने मई में भी शिविर लगाकर रक्त एकत्रित किया जो जरूरतमंदों के काम आ
रहा है। उन्होंने जिला अस्पताल की ब्लड बैंक के संचालन के लिए हफ्ते में तीन दिन के लिए पैथोलाजिस्ट डा. एम सिद्दीकी को अटैच करने का भरोसा भी दिया। तीन बजे तक चले शिविर में किसी ने ब्लड ग्रुप की जांच कराई तो किसी ने रजिस्ट्रेशन दर्ज कराया। दाताओं को रक्त देने के बाद जूस पिलाया गया। इसके बाद अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रशस्ति पत्र
दिया गया। शिविर में 15 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया। खास बात यह रही कि लिया गया ब्लड इस बार जिले की ही ब्लड बैंक में रखा गया। शिविर की व्यवस्थाओं में जिला अस्पताल प्रशासन का बड़ा योगदान रहा। इस मौके पर प्रभारी सीएमओ डा. आशाराम, सीएमएस डा. वीवी आर्या के अलावा पतंजलि योग समिति के रामप्रकाश द्विवेदी, पवन शर्मा, अनिल शर्मा, श्रीकांत शर्मा आदि मौजूद रहे।