कदौरा (जालौन)। बुधवार को महंत भगवत विशाल इंटर कालेज परिसर पर चुनाव पाठशाला एवं मतदाता जागरुकता मेले का आयोजन हुआ। अध्यक्षता करते हुए डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने मतदाताओं से जागरूक रहने की अपील की। कहा कि मतदान करना हर मतदाता का मौलिक अधिकार है, हर मतदाता को वोट डालना चाहिए क्योंकि आपका एक मत ही आपको पांच वर्ष का सुनहरा भविष्य देता है। इसी कड़ी में बच्चों ने भी अधिक मतदान कर बढ़ाए देश का मान गीत गाया। महिलाओं से भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि आचार संहिता का पालन करें, कहीं पर भी नियम के खिलाफ काम हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय के बच्चों अमन, राजेश, सुधीर, रानी व प्रीति ने गीत, नृत्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मौजूदा भीड़ को मतदान में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
एडीएम प्रमिल कुमार ने कहा कि 29 अप्रैल को हर व्यक्ति पोलिंग बूथों तक जाकर मतदान में हिस्सा ले। किसी भी अराजकतत्व को देखने पर इसकी सूचना पुलिस को दे। डीआईओएस भगवत पटेल व उपजिलाधिकारी कालपी सुनील कुमार शुक्ला ने कहा कि मतदान केंद्रों पर सभी खामियों को जल्द ही दुरुस्त कर लिया जाएगा। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश सिंह, विद्यालय प्रधानाचार्य रामनाथ जाटव, जीआईसी प्रधानाचार्य उत्तम निरंजन, सीडीपीओ गोमती देवी, शीला देवी, सावित्री देवी, अनीस बेग, इफ्तिखार, अफरीदी, प्रदीप चौहान, थाना प्रभारी कामता प्रसाद आदि रहे।