सेंटर पर कार्ड दिखा वैक्सीन लगवाता अधेड़
- फोटो : ORAI
उरई। कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के लिए मंगलवार को 54 बूथों पर टीकाकरण हुआ। इसमें 1307 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सत्यप्रकाश ने बताया कि जिला पुरुष अस्पताल, मेडिकल कालेज, नेत्र चिकित्सालय के अलावा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमरारखेरा, बघौरा और तुफैलपुरवा में टीकाकरण हुआ। इसके अलावा ब्लाक स्तरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र की 48 चिकित्सा इकाइयों में भी लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
1307 लोगों ने ही टीकाकरण कराया। उन्होंने बताया कि फिलहाल 45 साल से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। टीका लगवाने वाली की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है और वह कोरोना संक्रमण से बहुत हद तक बच सकता है लेकिन सतर्कता हमेशा बरतने की जरूरत है। मास्क पहनना, हाथ धोना, सामाजिक दूरी का भी पालन करें। खांसी बुखार होने पर कोरोना की जांच कराए।
उधर, कोरोना संक्रमण के चलते नगर पालिका की ओर से जिला जजी में विशेष सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया। दीवानी न्यायालय परिसर, कुटुंब न्यायालय, फास्ट ट्रैक कोर्ट न्यायालय, मीडिएशन सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय के अलावा अधिवक्ताओं की सीटों और न्यायिक अधिकारियों के आवासों पर सैनिटाइजेशन किया गया।