जालौन। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के कोतवाली प्रभारी ने तीन गांवों का भ्रमण कर शस्त्र धारकों को असलहा जमा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने गांव में पुराने आपराधिक मामलों में दर्ज लोगों की जानकारी भी ली।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह ने ग्राम मकरंदपुरा, सिहारी दाउदपुर व पनहरा में शस्त्रधारकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। इसके साथ ही आचार संहिता भी लग चुकी है। चुनावों को देखते हुए एवं चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हों। इसके लिए सभी शस्त्र धारक अपने अपने शस्त्र कोतवाली में जमा करा दें। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से पूर्व के चुनावों के संबंध में जानकारी ली एवं गांव के सक्रिय व निष्क्रिय अपराधियों की भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि गांव में अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है अथवा कोई गांव में शांतिभंग करने की कोशिश करता है तो इसकी जानकारी वह तुरंत पुलिस को दें। ताकि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके। चुनाव के दौरान किसी भी तरह का प्रलोभन स्वीकार न करें। यदि कोई प्रलोभन देता है तो उसकी जानकारी पुलिस या प्रशासन के दें। बिना अनुमति के किसी दल के प्रत्याशी का झंडा, बैनर, पोस्टर आदि न लगाएं। लोकसभा चुनावों को शांति पूर्वक ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने गांव के चौकीदारों व प्रधानों से भी सतर्कता बरतने को कहा।