उरई। झांसी रोड स्थित रघुवीर धाम में दो जोड़े विवाह बंधन में बंध गए, लेकिन दोनों की विवाह कार्यक्रम अलग-अलग तरह से हुए। एक तरफ पंडित सुरेश चौबे मंत्र पढ़ रहे थे तो दूसरी तरफ काजी कारी हसन निकाह कबूल करवा रहे थे।
संस्कार ग्रामोत्थान संस्था के बैनर तले शुक्रवार की रात आयोजित इस कार्यक्रम में सिमिरिया गांव निवासी मजदूर सहाउद्दीन की बेटी रवीना का रामकुंड निवासी जिब्राहिम के बेटे आरिफ संग निकाह हुआ तो गल्ला मंडी निवासी पल्लेदार प्रताप सिंह वर्मा की बेटी शिवानी ने इंदिरानगर निवासी संतराम वर्मा के बेटे विजय के संग साथ फेरे लिए। गंगा जमुनी तहजीब वाले इस विवाह समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आए थे।
संस्था के प्रमुख व आयोजक डा. रविकांत शाक्या व उनकी पत्नी सुधा शाक्या प्रधानाध्यापिका ने बताया कि वे अपने दादा नाना की स्मृति में हर साल एक आर्थिक रुप से कमजोर परिवार की कन्या का विवाह कराते हैं। अब तक 15 आयोजन इस तरह के कर चुके हैं। इस बार उनके पास उनके परिचितों ने दोनों बेटियों के पिता को उनके पास भेजा। उनकी आर्थिक स्थिति को समझकर उन्होंने दोनों परिवारों को भरोसा दिया कि वे धैर्य रखें, उन दोनों लोगों की बेटियों की शादी धूमधाम से कराएंगे।
जोड़ों को सोने की अंगूठी व कान व कान का सामान, चांदी की कमरपेटी व तौडिय़ा, बिछिया समेत घरेलू काम आने वाला जरूरत का पूरा सामान व इलेक्ट्रानिक सामान भी दिया। इस दौरान कृपाराम कृपालु, मुशीर, कांति शाक्या, मनीष नागर, गीता शाक्या, ऋषभ दीक्षित, आशुतोष पाल, अनुज शाक्या, महेंद्र भाटिया, ह्देश गुप्ता आदि ने सहयोग किया।