कोंच। तहसील क्षेत्र के ग्राम अमीटा में न्यू बुंदेलखंड फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में 69 जोड़ों ने जहां सात फेरे लिए वहीं चार जोड़ों ने निकाह पढ़कर दांपत्य जीवन में प्रवेश किया। अतिथियों और आयोजक कमेटी के लोगों ने सभी नव युगलों को आशीर्वाद देकर गृहस्थी का सामान भी उपहार स्वरूप दिया।
पिछले तीन वर्षों से हर साल सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन करती चली आ रही संस्था न्यू बुंदेलखंड फाउंडेशन ने इस बार भी ग्राम अमीटा में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया। इस आयोजन में विभिन्न जातियों और धर्मों के कुल 73 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंध कर एक दूजे का हाथ थामा। एक एक कर दूल्हों की बारात विवाह स्थल पर पहुंची और इसके बाद दुल्हनों का मंच पर आना शुरू हुआ। मंच के नीचे सामने की ओर दोनों पक्षों के लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।
69 हिंदू जोड़ों ने एक दूसरे के गले में जयमाला डाली। मुख्य अतिथि लालजी प्रधान एट ने कहा कि महंगाई के दौर में इस तरह की सामूहिक शादियों का अपना अलग ही महत्व है। साथ वाले मंच पर काजी ने 4 जोड़ों का निकाह पढ़वाया। कार्यक्रम संयोजक रामजी सोनी अमीटा ने आभार जताया। इस दौरान आकाश नामदेव, गौरव पटेल, मंगलसिंह, अमित रायकवार, प्रह्लाद राजा, प्रिंस पटेल, आशीष सोनी आदि ने व्यवस्था संभाली। सम्मेलन में यूपी, एमपी सहित कई राज्यों के लोग आए थे।