नए सीएससी संचालकों के सेंटर का सत्यापन करते सीएससी जिला प्रबंधक प्रदीप सिंगज।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना महामारी की वजह से देश में लाखों युवाओं की नौकरी छूट गई। उनको लॉकडाउन में अपने घर पर आकर बैठना पड़ा। ऐसे में इन सभी युवाओं के लिए कॉमन सर्विस सेंटर काफी मददगार साबित हुए और उन्हें अब कॉमन सर्विस सेंटर के साथ जुड़ने के बाद रोजगार मिलने लगा है। इस क्रम में सीएससी प्रबंधक प्रदीप सिंह ने नए खुले केंद्रों का सत्यापन किया।
जिले में पिछले कुछ महीनों में लगभग 150 से ज्यादा युवाओं ने सीएससी के साथ जुड़कर अपनी पंचायत या वार्ड में कॉमन सर्विस सेंटर खोलकर रोजगार की शुरुआत की है। उन्होंने अब इसे ही अपना व्यवसाय बना लिया है। इन युवाओं में ज्यादा स्नातक और परास्नातक हैं। बड़ी संख्या में ये वीएलई एमबीए और बीटेक वाले भी हैं। कुछ युवाओं के केंद्रों पर पहुंचकर सीएससी के जिला प्रबंधक प्रदीप सिंह ने उनको सीएससी की सेवाओं के बारे में जानकारी दी और इनके संचालन के संबंध में प्रशिक्षण दिया। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर 200 से ज्यादा प्रकार की सेवाएं मिलती हैं।