बिसावर के 26 वर्षीय युवक की जयपुर रेलवे स्टेशन से करीब एक किमी पहले संदिग्ध हालात में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त उसकी पेंट की जेब से मिले विजिटिंग कार्ड से की, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन परिजन जयपुर रवाना हो गए।
बिसावर निवासी 25 वर्षीय अनिल उर्फ अन्नू पुत्र राजू कस्बा बिसावर में कपड़ा सिलाई का काम करता था। उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। अन्नू के चाचा रूपेश ने बताया कि अन्नू काम की तलाश में कुछ दिन पहले घर से निकला था। अन्नू का शव जयपुर रेलवे स्टेशन से करीब एक किमी पहले क्षत-विक्षत अवस्था में पुलिस को मिला है।
अन्नू की जेब में खाटू श्याम, बालाजी तीर्थ स्थलों की रेल यात्रा का टिकट भी मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया है। शुक्रवार को गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अन्नू ने अपनी दो मासूम बेटियों और पत्नी को रोते-बिलखता छोड़ा है। एक बेटी का जन्म तो अभी एक माह पहले ही हुआ था।