सादाबाद की तरफ से हाथरस की ओर जाने वाली रोडवेज की बस चालक ने अपनी बस को तेजी व लापरवाही से चलाते हुये सड़क के किनारे अपने हाथ पर चल रहे मोहित कुमार में टक्कर मार दी। जिससे मोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हाथरस रोड पर पांच दिन पहले रोडवेज बस की टक्कर से दौड़ लगा रहे युवक की मौत के मामले में सादाबाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
गांव नगला जयलाल सादाबाद निवासी नारायण सिंह पुत्र रामजस ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 11 सितंबर की सुबह उसका 21 वर्षीय बेटा मोहित कुमार अपने छोटे भाई शुभम कुमार के साथ सुबह दौड़ लगाकर उसके मामा साहब सिंह निवासी हाथरस रोड के घर पर अपने मोबाइल को चार्जिंग पर लगाने जा रहा था।
चूंकि, घनघोर बारिश के कारण गांव में पिछले दो दिन से बिजली नहीं आ रही थी। सुबह 4:15 बजे जब दोनों भाई हाथरस रोड पर विनोद उपाध्याय की कोठी के सामने पहुंचे तो सादाबाद की तरफ से हाथरस की ओर जाने वाली रोडवेज की बस संख्या यूपी 78 जे एन 9661 अलीगढ़ डिपो के चालक ने अपनी बस को तेजी व लापरवाही से चलाते हुये सड़क के किनारे अपने हाथ पर चल रहे उसके बेटे मोहित कुमार में टक्कर मार दी। जिससे उसके पुत्र मोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।