परिवार के साथ जात करने जलेसर जा रहे सहावर निवासी वीरेश गुप्ता (37) की शनिवार दोपहर पुरदिलनगर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। साथ जा रहे अन्य श्रद्धालु वापस लौटने लगे।
शनिवार दोपहर वीरेश गुप्ता परिजनों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जात करने जलेसर जा रहे थे। जैसे ही श्रद्धालुओं से भरा ट्रैक्टर पुरदिलनगर मार्ग पर पहुंचा, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वीरेश ट्रैक्टर से सड़क पर गिर गए। गिरते समय उनका सिर सड़क से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के मासूम बेटे और बेटी पिता के शव से लिपटकर बिलखने लगे। पत्नी, दोनों बच्चों, भाई तथा वृद्ध माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दौरान धार्मिक यात्रा पर निकले अन्य श्रद्धालुओं को भी घटना की सूचना दे दी गई, जिसके बाद वे रास्ते से ही अपने घर लौट गए। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर आने पर जांच की जाएगी। संवाद