कस्बे में देर रात सब्जी मंडी के सामने सड़क पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। गंभीर हालत में युवक को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
मोहल्ला बिजलीघर निवासी राजकुमार (40) कस्बे में ही फैक्टरी में काम करते थे। शनिवार देर रात वे काम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सब्जी मंडी पर उन्होंने सड़क पार करने का प्रयास किया। कस्बे की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने राजकुमार को रौंद दिया। वे दूर जाकर गिरे तथा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, सीने व पेट में गंभीर चोटें आईं। मौके पर एकत्रित लोगों ने पुलिस को खबर की। सासनी पुलिस उन्हें सीएचसी लेकर गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएचओ अवधेश कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। वाहन का पता किया जा रहा है।