हाथरस के जलसेर रोड स्थित एक होटल में पुलिस ने युवक को युवती के साथ संदिग्ध हालात में पकड़ लिया। पुलिस को देख युवक की हालत बिगड़ गई। युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि लाला का नगला निवासी दूसरे समुदाय का एक युवक शहर की ही एक युवती को गुमराह कर रहा है। आरोप है कि सोशल साइट्स के जरिये वह युवतियों को फंसाता है। इस युवती को भी इसी तरह बरगलाया गया है। कोतवाली हाथरस गेट पुलिस होटल पहुंची तथा कमरे से युवक को पकड़ लिया।
अचानक पुलिस को देख उसके हाथ-पांव फूल गए और युवती भी सहम गई। युवक को कोतवाली हाथरस गेट लाया गया, कार्रवाई के डर से यहां उसकी हालत खराब हो गई। सूचना पर युवक के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अलीगढ़ मेडकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इधर, युवती का परिवार युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। एसएचओ हाथरस गेट नितिन कसाना ने बताया कि तहरीर के आधार युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।