सासनी कस्बा के रुदायन रोड स्थित बियर के ठेके पर 18 नवंबर रात दस बजे हंगामा हो गया। ठेका बंद कर रहे सेल्समैन को बियर नहीं देना भारी पड़ गया। दरअसल, कुछ युवकों ने सेल्समैन से ठेका बंद होने के दौरान बियर मांगी थी, इस पर सेल्समैन ने ठेका बंद होने का हवाला दिया। यह सुन कर युवक भड़क गए और उन्होंने गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी। ईंट-पत्थर भी फेंके। जिससे सेल्समैन के कंधे, कमर और हाथ में चोट आई है। सेल्समैन ने इसकी रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
कस्बा के रुदायन रोड पर बियर का ठेका है, इसका लाइसेंस सुनीता विग के नाम से जारी है। यहां पर भूपेंद्र कुमार निवासी नगला प्रेमी सेल्समैन हैं। वह 17 नवंबर रात दस बजे नियमानुसार ठेका बंद कर जा रहे थे तभी नामजद बाबू निवासी चावड़ मोहल्ला कस्बा सासनी अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ बियर लेने आ गया। इस पर सेल्समैन ने ठेका बंद होने की बात कही तो आरोपी भड़क गया और उसके साथ गालीगलौज कर मारपीट शुरू कर दी।
देखते ही देखते आरोपियों एवं उसके साथियों ने ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। जिससे सेल्समैन के कंधे, कमर और हाथ में चोट आई है। सेल्समैन ने इसकी तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।