कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके की तर्ज पर आप ने अपने प्रमुख नेताओं को हर जिले में भेजना शुरू कर दिया है। इस क्रम में आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर पार्टी की ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदेश चौधरी ने शहर के गोशाला रोड स्थित संविलियन विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।आप नेताओं ने स्कूल की बदहाली का वीडियो शूट किया और उसे एक्स पर साझा किया।
इसी वीडियो को आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी अपने अकाउंट से रीपोस्ट करते हुए सरकार की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए हैं।उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि गोशाला नगर के इस स्कूल का आधा हिस्सा गिर चुका है। उन्होंने अपनी पोस्ट में उल्लेख किया कि 71 बच्चों के लिए स्कूल में शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा, मिड-डे मील का चार्ट दीवारों पर टंगा है, लेकिन धरातल पर न तो बच्चों के लिए किचन है और न ही गैस सिलेंडर। सांसद ने तंज कसते हुए यह भी लिखा कि इस जर्जर स्कूल से महज कुछ ही कदम की दूरी पर भारतीय जनता पार्टी का शानदार कार्यालय स्थित है।
अरविंद केजरीवाल ने की टिप्पणी
दूसरी ओर, सिकंदराराऊ के गांव नावली स्थित संविलियन विद्यालय के कमरों में पानी भरने की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इस खबर और सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट का संज्ञान लेते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने विद्यालय की दयनीय स्थिति पर गहरा दुख जताया है और इस अहम मुद्दे को सोशल मीडिया के जरिये उठाने वाले व्यक्ति की सराहना की है।
आम आदमी पार्टी की ओर से जिस स्कूल का वीडियो वायरल किया गया है, वह ध्वस्तीकरण की कतार में हैं। बजट मिलते ही स्कूल का निर्माण कराया जाएगा।
-गिरिराज सिंह, प्रभारी बीएसए