जिले में स्मार्ट मीटरों पर असंतोष बढ़ता जा रहा है। शनिवार को कई स्थानों पर महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए प्री-पेड स्मार्ट मीटर की खामियों पर नाराजगी जताई। महिलाओं ने आगरा-अलीगढ़ रोड पर बैठकर जाम लगा दिया। सुबह करीब 10 बजे से लगे इस जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब 25 मिनट बाद महिला पुलिस के सहयोग से जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर बहुत तेज चल रहे हैं और कुछ ही दिनों में उनका बैलेंस समाप्त हो जा रहा है। रिचार्ज खत्म होते ही तुरंत बिजली बंद कर दी जाती है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पहले नवीपुर बिजलीघर पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई समाधान नहीं होने पर वे सड़कों पर उतर आईं।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की जांच कराई जाए और उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। इसी तरह सिकंदराराऊ और हाथरस जंक्शन क्षेत्रों में भी लोगों ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि जिले में जब से प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। मीटरों में किया जा रहा रिचार्ज तेजी से खत्म हो रहा है, जिससे आए-दिन उपभोक्ताओं की बिजली बंद हो जाती है। उपभोक्ता आए-दिन नजदीकी बिजलीघरों पर इसकी शिकायत भी दर्ज करा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिल रहा।
भोपतपुर बिजलीघर पर भी हंगामा
हाथरस जंक्शन के गांव भोपतपुर बिजलीघर पर उपभोक्ताओं व महिलाओं ने हंगामा किया। इन लोगों ने आरोप लगाया कि रिचार्ज करने के बावजूद मीटर में बिजली नहीं आई, फिर भी उनके खाते से बैलेंस कट गया। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बुधवार को वे मीटर उखाड़कर बिजलीघर पर ले आएंगे। बिजली घर पर काफी देर तक हंगामा रहा। भोपतपुर बिजलीघर के जेई पुष्पेंद्र सिंह ने लोगों को समझाया कि आप हमें लिखित में शिकायत दें, हम इसकी जांच कराएंगे। जो भी खामियां होंगी, उन्हें दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
यह है जनपद में स्मार्ट मीटर की स्थिति
2.70 लाख कुल संयोजन हैं जनपद में घरेलू।
1.45 लाख कुल संयोजनों पर लगाए जा चुके हैं स्मार्ट मीटर।
1.41 लाख स्मार्ट मीटर को किया जा चुका है प्रीपेड।
04 हजार स्मार्ट मीटर को अभी तक नहीं किया गया है प्रीपेड
जहां भी हंगामे हुए हैं, वहां उपभोक्ताओं को समझाया गया है। स्मार्ट मीटर के बारे में पूरी जानकारी न होने के चलते दिक्कत आ रही हैं। उनकी दिक्कतों को सुना जा रहा है, उन्हें विभाग की ओर से पूरा लेखा-जोखा दिया जा रहा है। बिजलीघरों पर भी उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के बारे में पूरी जानकारी दी जा रही है।
-अजीत कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत, हाथरस।