गांव गोपालपुर में केनरा बैंक आरसेटी की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में धूपबत्ती व अगरबत्ती बनाना सीख
- फोटो : Self
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केनरा बैंक आरसेटी ने नई पहल शुरू की है। अब तक केवल सासनी स्थित केंद्र पर ही महिलाओं को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दिया जा रहा था, लेकिन अब आरसेटी की टीम गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं को विभिन्न लघु उद्योगों का प्रशिक्षण दे रही है।
इसके तहत महिलाओं को घर पर ही रोजगार स्थापित करने के गुर सिखाए जा रहे हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। कार्यक्रम की शुरुआत सासनी क्षेत्र के गोपालपुर गांव से की गई, जहां महिलाओं को धूपबत्ती और अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। संस्था की ओर से बताया गया कि हर ग्राम पंचायत में कम से कम 10 स्वयं सहायता समूहों की 30 महिलाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पहल से अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। पहले आरसेटी केंद्र पर 15 से 30 दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे, लेकिन अब गांवों में जाकर प्रशिक्षण देने से उन महिलाओं को भी लाभ मिल रहा है, जो किसी कारणवश केंद्र तक नहीं पहुंच पाती थीं। आरसेटी के निदेशक सुनील कुमार झा का कहना है कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे छोटे-छोटे उद्योग शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी।