कृष्णा देवी रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने के बाद आगरा में अपने मायके से भाई सचिन के साथ बाइक से ससुराल गिजरौला लौट रही थीं। कुरसंडा मोड़ के पास सड़क पर पड़ी गिट्टी पर मोटरसाइकिल का पहिया आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई।
हाथरस में सादाबाद-आगरा मार्ग स्थित कुरसंडा मोड़ के पास शुक्रवार की शाम को सड़क पर पड़ी गिट्टी से एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे भाई को राखी बांधकर लौट रही बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
विज्ञापन
ग्राम पंचायत कजरौठी के गांव गिजरौला निवासी कृष्णा देवी रक्षाबंधन पर भाइयों को राखी बांधने के बाद आगरा में अपने मायके से भाई सचिन के साथ बाइक से ससुराल गिजरौला लौट रही थीं। कुरसंडा मोड़ के पास सड़क पर पड़ी गिट्टी पर मोटरसाइकिल का पहिया आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई। झटका लगने के बाद कृष्णा देवी सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
पीछे से आ रही डायल 112 पुलिस टीम की नजर घायल महिला पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल वाहन रोककर घायल महिला की मदद की। सिर से काफी खून बहते देख पुलिसकर्मियों ने साफी से उनके सिर को बांधा। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें आगरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है। घायल महिला के पति वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी के सिर में गंभीर चोट है और उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।