मथुरा रोड पर हतीसा पुल के पास सोमवार दोपहर को दिल्ली जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति और दो मासूम बच्चों को भी काफी चोट आई। मौके पर ग्रामीणों ने जाम लगाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने जल्द मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया।
हतीसा निवासी शिवदत्त छोटे-मोटे किसान हैं। वह सोमवार को कोटा स्थित देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ 32 वर्षीय पत्नी सरिता, पांच साल का बेटा कृष्णा, छह साल की बेटी खुशबू और बेटा वंशू थे। हतीसा पुल पर चढ़ने के लिए शिवदत्त ने जैसे ही बाइक को मोड़ने की कोशिश की, पीछे से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया।
हादसे के दौरान सरिता की मौत हो गई, शिवदत्त, कृष्णा और खुशबू घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक कार को छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। वहीं हतीसा के कई ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और जाम लगाने की कोशिश करने लगे। थाना हाथरस गेट के इंस्पेक्टर रजनेश तिवारी के अलावा शहर कोतवाली और चंदपा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने और मामले में आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाने की बात पर ग्रामीण मान गए और उन्होंने जाम नहीं लगाया।
पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
इंस्पेक्टर हाथरस गेट रजनेश तिवारी का कहना है कि शिकायत मिलने पर हादसे का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मौक पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर उपाध्याय पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार वालों को सांत्वना दी और उन्हें शासन से हरसंभव मदद का भरोसा दिलवाया और खुद भी मदद का भरोसा दिया।
इंस्पेक्टर ने पीआरवी को हड़काया
हादसे के बाद मौके पर यूपी 100 की पीआरवी पहुंच गई थी। बावजूद इसके पुलिस के पहुंचने तक पीआरवी ने कोई राहत कार्य शुरू नहीं किया था। इंस्पेक्टर हाथरस गेट जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें कार सड़क के बीच खड़ी दिखाई दी। चालक कार को वहीं छोड़कर चला गया था। इस पर इंस्पेक्टर ने यूपी 100 के सिपाहियों को जमकर हड़काया और उन्हें उनकी ड्यूटी याद दिलाई।