क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की सुबह छह बजे महिला ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पति ने परिवार के एक सदस्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रिपोर्ट में शिकायतकर्ता ने कहा है कि परिवार का एक सदस्य उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। 13 जुलाई को सुबह करीब 11:30 बजे वह खेत पर गया था। तभी मौका पाकर आरोपी तमंचा लेकर घर में घुस आया और पत्नी से अश्लील हरकत करते हुए उसका नहाते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी देकर संबंध बनाने का प्रयास करने लगा।
शोर सुनकर गांव के कुछ लोग पहुंच गए। यह देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। घटना की शिकायत उसने आरोपी के पिता से की तो आरोपी ने पत्नी और उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद उसकी पत्नी परेशान रहने लगी, क्योंकि आरोपी लगातार उसका पीछा कर रहा था। सोमवार की सुबह उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने आईपीसी की धारा 323, 306, 354, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।