अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र में एक महिला ने गजब का हिम्मत दिखाई। महिला को जब सांप ने डसा तो उसने घबराने के बजाय सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर लिया और इलाज कराने के लिए परिजनों के साथ उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंच गई।
जिला अस्पताल में जिंदा सांप को देखकर स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। इगलास के गांव मलिक निवासी चमनेश पत्नी विपिन बुधवार को अपने घर में चाय बनाने के लिए उपले निकाल रही थीं। इस दौरान उपलों के ढेर में छिपा बैठा सांप अचानक बाहर निकला और उसने चमनेश को डस लिया।
इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत ही सांप को दबोचकर प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया। यह नजारा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद परिजन आनन-फानन महिला को उपचार के लिए हाथरस जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। महिला अपने साथ डिब्बे में बंद सांप को भी ले आई।
पूछने पर महिला ने बताया कि डॉक्टर को यह दिखाने के लिए कि उसे किस प्रजाति के सांप ने काटा है, वह इसे साथ लाई है ताकि सही इलाज मिल सके। इमरजेंसी वार्ड में डिब्बे में सांप होने की बात फैलते ही स्टाफ में हड़कंप मच गया। सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि हालत सुधरने के बाद महिला को घर भेज दिया गया। संवाद