क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला अपने पति और बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। देर रात तक मुरसान थाने में पारिवारिक ड्रामा चलता रहा।
युवक के परिजनों का कहना है कि युवक की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व बिहार निवासी युवती से हुई थी। दंपती के सात वर्षीय बेटी सहित तीन बच्चे हैं। परिवार के लोगों का आरोप है कि महिला आए-दिन घर में विवाद करती रहती है। तीन अप्रैल को महिला घर से लापता हो गई थी, जिसकी तलाश पति और परिवार के लोग कर रहे थे।
ससुराल पक्ष का आरोप है कि महिला घर से जाते समय जेवरात और नकदी भी अपने साथ ले गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। परिजनों के मुताबिक महिला को गांव गोरई के पास देखा गया, जिसके बाद उसे मुरसान थाने बुलाया गया। थाने में महिला ने पति के साथ रहने से साफ इन्कार कर दिया। मुरसान थानाध्यक्ष अरविंद सक्सेना का कहना है कि महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद