सीमा सुरक्षा बल के जवान और उसकी पत्नी के खाते से शातिरों ने पार किए 79 हजार
कोतवाली में परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपकर की कार्रवाई की मांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। बैंक खातों से शातिर लगातार लोगों की मेहनत से की गई कमाई को पलभर में उड़ा रहे हैं। फिर से एक सीमा सुरक्षा बल के जवान और उसकी पत्नी के खाते से शातिरों ने 79 हजार रुपये पार कर दिए। इस संबंध में महिला के परिजन बुधवार को कोतवाली पर पहुंचे और बैंक खाते से रूपये पार होने के संबंध में लिखित रूप से शिकायत पुलिस से की।
गांव रदोई निवासी एसएसबी फोर्स में तैनात जवान नागेंद्र सिंह पुत्र जवाहर सिंह की पत्नी सुनीता ने कोतवाली में शिकायत करते हुए बताया कि उसका बैंक खाता बिसावर की एसबीआई शाखा में है। एक अगस्त को उसके खाते से 68 हजार रूपये और उनके पति के खाते से एक अगस्त को ही 11 हजार रूपये किसी शातिर ने धोखाधड़ी कर पार कर दिए।
सुनीता ने बताया कि रुपये पार होने से पहले उसके मोबाइल पर एक कॉल आई थी, कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपने आप को एसबीआई से बोलने वाला बताया था, जिसके बाद उसके खाते से सात बार में 68 हजार रूपये और उसके पति के खाते से 11 हजार रूपये पार कर दिए गए।