गांव कुंजलपुर में मंगलवार देर शाम ट्रांसफाॅर्मर में तेज धमाके के साथ तार टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आकर मजदूर सुभाषचंद्र (55) की मौत हो गई, जबकि उनकी भाभी सरोज (50) पत्नी सुग्रीव और 22 वर्षीय बेटी प्रीति गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तीनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। सरोज और प्रीति का उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार देर शाम सुभाषचंद्र, सरोज और प्रीति ट्रांसफाॅर्मर के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान तेज फाॅल्ट हुआ और तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से तीनों झुलस गए।
बिजली निगम के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया सामने आया है कि कुछ लोग कटिया डाल रहे थे। इस दौरान तार एलटी की जगह हाईटेंशन लाइन से टच हो गया, जिससे हादसा हुआ। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद